ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
उत्तराखंड संवैधानिक संरक्षण मंच ने त्यूनी क्षेत्र के झिटाड़ निवासी मोती सिंह हत्याकांड के साथ ही भटाड़ निवासी प्रियंका जोशी और मैपावटा के नितेश जोशी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की है। मंच के संयोजक दौलत कुंवर ने इस आशय का ज्ञापन बृहस्पतिवार को सचिवालय में सौंपा।
दौलत कुंवर ने कहा कि कि मोती सिंह हत्याकांड के आरोपियों ने गुनाह कुबूल कर लिया है। बावजूद इसके पुलिस अभी तक शव बरामद नहीं कर पाई है। पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जौनसार-बावर परगने के बाशिंदों पर बर्बरतापूर्ण लाठी चार्ज करने के साथ ही झूठे मुकदमे भी दर्ज किए। कुछ वर्ष पहले भटाड़ निवासी प्रियंका जोशी की हत्या कर उसका शव सुद्धोवाला के जंगल में पेड़ से लटका दिया गया था। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जौनसार-बावर परगने के ही मैपावटा निवासी नितेश जोशी को कुछ वर्ष पूर्व किसी ने घायल अवस्था में दून अस्पताल के बाहर फेंक दिया था। उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात शव समझकर उसका दाह संस्कार भी कर दिया था। इन मामलों में पुलिस हत्यारों को सजा नहीं दिला पाई है। लिहाजा तीनों हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंप दी जानी चाहिए। तीनों मामलों की सीबीआई जांच की संस्तुति नहीं होने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाने पर सचिवालय गेट के सामने भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में संदीप पॉल, चैतन्य प्रताप सिंह, दिनेश कुमार, मेघ सिंह, रमेश कुमार, मेहर सिंह, गंदेेल सिंह, संजय खत्री आदि शामिल रहे।