ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
सेलाकुई। शेरपुर शिमला बाईपास रोड पर कालूवाला खाले के पास बृहस्पतिवार को गोवंश के कुछ अवशेष मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सदस्य भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ बीएस धोनी ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। वहीं गोकशी मामले में विहिप सेलाकुई के नगर अध्यक्ष हर्षदीप गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना सहसपुर के सभावाला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत शेरपुर गांव में नदी के किनारे बृहस्पतिवार सुबह लगभग 10 बजे गोवंश के कुछ अवशेष पड़े होने की सूचना क्षेत्र में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में गोकशी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसके बावजूद पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। विहिप नगर अध्यक्ष हर्षदीप गुप्ता एवं नगर मंत्री शेखर बंसल ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर गोकशी की यह दूसरी घटना है। गोकशी करने वाले बेखौफ होकर गोवंश मार कर अवशेष हाईवे के किनारे फेंक रहे हैं। इस मामले में प्रदेश सरकार को कठोर कदम उठाने की जरूरत है। वहीं प्रदर्शन की सूचना पर क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी, थानाध्यक्ष विजय सिंह, सभावाला चौकी इंचार्ज कविंद्र राणा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और सीओ ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रदर्शन में विहिप के समरसता प्रमुख रमेश ढौंडियाल, अनूप सोलंकी, सुनील भट्ट, अंजनी कुमार, अमित कुमार, शिवम सैनी वशिष्ठ, प्रकाश आदि शामिल रहे। सीओ ने बताया कि विहिप सेलाकुई के नगर अध्यक्ष हर्षदीप गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। गोकशी में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।