ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश । कार से दो लोगों को कुचलने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार बीते 12 अक्तूूबर को धनीराम राम की तहरीर पर अज्ञात चालक के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि एक अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर दो युवाओं को कुचल दिया था, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने आरोपी की धरपकड़ के लिए टीम गठित की।
पुलिस ने पूछताछ के बाद घटना को अंजाम देने वाले चालक विनोद रावत पुत्र स्वर्गीय सूरत सिंह रावत निवासी गली नं. 3 बी ब्लाक विस्थापित आईडीपीएल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया और उसकी निशानदेही पर विद्यामंदिर स्कूल के बगल में झाड़ियों के बीच गाड़ी बरामद कर ली गई है। गौरतलब है कि 10 अक्तूबर को कार चालक ने एम्स के सामने दो युवकों को टक्कर मार दी थी। इस घटना में कुबेर चंद पुत्र धनीराम निवासी गजारी पोस्ट कोटाबाग, कालाढूंगी नैनीताल और रोहित पुत्र राम प्रसाद निवासी कृष्णा नगर आईडीपीएल, ऋषिकेश की मौत हो गई थी।
पुलिस ने खंगाले 86 सीसीटीवी कैमरे
ऋषिकेश। घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी। इसके तहत आईडीपीएल, श्यामपुर, गंगा नगर, गंगा बैराज, बाईपास रोड और ऋषिकेश बाजार के करीब 86 सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। इसमें अहम सुराग मिला कि युवकों को कुचलने वाली गाड़ी आई-10 कार है। नंबर भी स्पष्ट नहीं हो पा रहे थे। गाड़ी की पुष्टि के लिए देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल के आरटीओ कार्यालयों में सभी आई-10 गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन छान मारा गया। इसके अलावा जांच टीम को उक्त ब्रांड की कार तलाशने के लिए हर संभावित घर पर नजर रखने की हिदायत दी गई। आखिरकार आरोपी की निशानदेही पर विस्थापित क्षेत्र में झाड़ियों के पीछे से कार भी बरामद कर ली गई है।