श्रीनगर। कोतवाली पुलिस ने दो वृद्ध महिलाओं के रुपये चुराने वाले टप्पेबाज को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से सिर्फ एक महिला के रुपये बरामद हुए हैं। दूसरी महिला के रुपये उसने खर्च कर दिए हैं।
आठ अक्तूबर को रुद्रप्रयाग जिले की गहड़खाल गांव की रामी देवी का बैग एसबीआई बैंक के समीप मेडिकल स्टोर के बाहर से एक अज्ञात युवक उठा ले गया था। बैग में रामी देवी के पेंशन के 10 हजार और कागजात रखे थे। मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई थी। इसके बाद 17 अक्तूबर को एसबीआई बैंक परिसर से ही चोर मुंडोली निवासी गोदांबरी देवी के बैग में रखे 20 हजार ले गया। कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोर का हुलिया ले लिया।
कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार को चोर शहजाद आलम (21) पुत्र शाहिद आलम निवासी लौंचा किशनगंज (बिहार) को रामलीला मैदान के समीप से गिरफ्तार कर लिया। शहजाद के पासे से पुलिस ने 20 हजार और गोदाबंरी देवी के कागजात बरामद कर लिए, जबकि रामी देवी के 10 हजार उसने खर्च कर दिए और बैग व कागजात बुघाणी रोड पर फेंक दिए। आरोपी श्रीनगर में आठ साल से मजदूरी कर रहा है। मकान मालिक ने उसका सत्यापन नहीं कराया था, जिस पर पुलिस ने उसका चालान कर दिया।