ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
एक तेज रफ्तार कार ने पांवटा रोड स्थित एक वैडिंग प्वांइट के गेट पर टक्कर मार दी। इससे कार सवार दो लोग गंभीर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को एक कार पांवटा रोड से हरबर्टपुर की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बहुत तेज गति में थी। वैडिंग प्वाइंट के पास चालक कार से नियंत्रण खो बैठा, जिससे अनियंत्रित कार वैडिंग प्वाइंट के गेट से जा टकराई। आवाज सुन आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान बिल्लू शर्मा (30) पुत्र सुरजीत सिंह निवासी पांवटा जिला सिरमोर और हीरालाल शर्मा (28) पुत्र कृपा शर्मा निवासी सोलन हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। चौकी प्रभारी रामनरेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।