शादी में शराब ले जाना पड़ा महंगा, पहुंचा हवालात
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। दोस्त की शादी में शराब ले जाना एक युवक को भारी पड़ गया। शराब ले जा रहे युवक को पुलिस ने पकड़ कर हवालात में बंद कर दिया और उसकी कार सीज कर दी।
मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक बीते बुधवार रात बदरीनाथ राजमार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार को रोका गया। तलाशी में कार से चार पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में युवक जयदेव उनियाल पुत्र जनार्दन प्रसाद निवासी ग्राम सीलन, नरेंद्रनगर ने शिवपुरी से दोस्त की शादी के लिए शराब ले जाने की बात बताई। इसके बाद जयदेव को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष आरके सकलानी ने बताया कि आरोपी की कार भी सीज कर दी गई है। वहीं, रायवाला पुलिस ने देसी शराब के 44 पव्वों के साथ एक युवक को दबोचा है। आरोपी की पहचान आशीष दास पुत्र रवि दास निवासी शांतिनगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी आशीष दास को प्राचीन सत्यनारायण मंदिर के पास से पकड़ा गया था।