जमीन विवाद में बैंक मैनेजर से मारपीट
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। जमीनी विवाद में बृृहस्पतिवार को लक्ष्मणझूला रोड निवासी एक बैंक मैनेजर के घर के सामने कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। ऐतराज करने पर कथित हंगामा करने वाले लोगों ने बैंक मैनेजर से मारपीट कर दी। हालांकि आसपास के लोगों को आता देख हंगामा करने वाले खिसक गए। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को नामजद करते हुए करीब 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह लक्ष्मणझूला रोड पर हेमकुंड गुरुद्वारे के पास रहने वाले बैंक मैनेजर आशीष सेंगर के घर पर करीब एक दर्जन महिला व पुरुष पहुंचे थे। बैंक मैनेजर आशीष सेंगर का आरोप है कि उक्त लोगों ने मकान पर कब्जा करने की नीयत से मारपीट की और घर का कुछ सामान उठाकर ले गए। हालांकि इस दौरान स्थानीय लोग भी पहुंच गए और बीच-बचाव किया। लोगों की भीड़ जुटने हंगामा कर रहे लोग खिसक गए। बैंक मैनेजर आशीष सेंगर की तहरीर पर सरदार जगवीर सिंह, महेंद्र सिंह और लगभग 10 अज्ञात महिला व पुरुष के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से बैंक मैनेजर के घर पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है।