गेस्ट हाउस में रेशम विभाग के अधिकारी के बेटे ने की तोड़फोड़
ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
ऋषिकेश। कैलासगेट स्थित एक गेस्ट हाउस में बीते बुधवार रात रेशम विभाग के अधिकारी के बेटे ने दो दोस्तों के साथ खूब हंगामा किया और तोड़फोड़ कर दी। विवाद बढ़ने पर गेस्ट हाउस संचालक ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
जानकारी के मुताबिक देहरादून में रेशम विभाग मेें तैनात एक अधिकारी का बेटा बीते बुधवार रात दो साथियों के साथ मुनिकीरेती में कैलासगेट स्थित एक गेस्ट हाउस में पहुंचा था। उसने गेस्ट हाउस में एक कमरा बुक कराया था। बताया गया कि युवक नशे में था। इसको लेकर गेस्ट के स्टाफ ने कमरा देने से मना कर दिया। इसको लेकर अधिकारी पुत्र व उसके दोस्तों ने हंगामा शुरू कर दिया और रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर तोड़ दिया। गेस्ट हाउस संचालक के काफी समझाने के बावजूद युवक नहीं माने तो उन्होंने मुनिकीरेती पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचने पर तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। थानाध्यक्ष आरके सकलानी ने बताया कि गेस्ट हाउस में विवाद से संबंधित कोई जानकारी नहीं है। शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।