ब्यूरो/अमर उजाला, श्यामपुर।
श्यामपुर भल्लाफार्म के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान शाकुंबरी बिष्ट के नेतृत्व में श्यामपुर चौकी का घेराव किया। ग्रामीणों का कहना था कि करीब एक दर्जन से अधिक लोगों ने एक घर में घुस मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बताया कि इस मामले में बलबीर सिंह पंवार की ओर से तहरीर दी गई थी कि मोटरसाइकिल व कार में सवार होकर करीब एक दर्जन लोग उनके भाई के घर में आये तथा मारपीट की। कहा गया कि उनमें से दो लोगों को पकड़ लिया गया था।
इस दौरान ग्राम प्रधान ने कहा कि इस मामले में अन्य लोगों को भी पकड़ा जाए तथा उनके खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया जाए। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में सत्यापन न होने से आये दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इस मौके पर चौकी इंचार्ज दीपक धारीवाल ने कहा कि रात्रि को पकड़े गये लोगों को थाना ऋषिकेश भेज दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों का आश्वासन दिया कि मामले में कार्यवाई की जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य कोमल सिंह नेगी के साथ काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
खदरी में हाथी का आतंक
श्यामपुर। खदरी में हाथियों की चहलकदमी लगातार जारी है। बीती बुधवार रात्रि को हाथियों ने फसल नुकसान के साथ-साथ कई लोगों की चारदीवारी क्षतिग्रस्त कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि खाई खोदने के बावजूद हाथी गांव में आ रहा है। मांग की गई कि यहां पक्की सुरक्षा बाड़ बनाई जाए।