ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
सोमेश्वरनगर में दिनदहाड़े चोरों ने रेलवे कर्मी के घर के ताले तोड़कर गहने और नकदी चोरी कर लिए। पीड़ित ने इस बाबत कोतवाली में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक रेलवे में रिजर्वेशन सुपरवाइजर चंद्रपाल सागर पुत्र स्व. छोटेलाल का सोमेश्वरनगर में मकान है। बीते शुक्रवार को उनके घर पर रिश्तेदार आए थे। दोपहर में उन्होंने गंगा स्नान की इच्छा जताई, जिस पर चंद्रपाल परिवार और रिश्तेदारों के साथ घर में ताला लगाकर गंगा स्नान को निकल गए।
शाम करीब पांच बजे वह वापस लौटे, तो घर के ताले टूटे मिले। कमरे में टूटी अलमारी और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। बताया कि चोर घर से 95 हजार रुपये, दो सोने की बाली, पांच अंगूठी, एक चेन व करीब आधा किलो चांदी ले गए हैं। उधर, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आसपास के प्रतिष्ठानों की सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से अज्ञातों की पहचान के प्रयास जारी हैं। जल्द ही अज्ञात आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।