ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
शीशमझाड़ी निवासी एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि महिला की मौत तबीयत खराब होने की वजह से हुई, जिस पर पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक शीशमझाड़ी निवासी 20 वर्षीय गर्भवती महिला की बीते शुक्रवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने बताया कि महिला को खून की उल्टियां हुई, जिसके बाद उसे एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शनिवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर परिजनों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष आरके सकलानी ने बताया कि परिजनों ने पूछताछ में महिला का स्वास्थ्य काफी समय से खराब होने की बात कही। बताया कि उसका इलाज भी एम्स में चल रहा था और वह आठ माह की गर्भवती थी। मायका और ससुराल पक्ष की ओर से मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है।