ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार तड़के नटराज चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान पंजाब के शराब तस्कर अमृत पाल को गिरफ्तार कर लिया। टीम को आरोपी की कार से अरुणांचल ब्रांड की 38 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बताया कि आरोपी की कार से दो फर्जी नंबर प्लेटें भी मिली हैं। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम व धोखाधड़ी की धारा में मामला पंजीकृत कर लिया गया है।
आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद के मुताबिक शनिवार तड़के करीब चार बजे मुखबिर से ऋषिकेश में कार से विदेशी शराब लाए जाने की सूचना मिली। विभागीय टीम ने नटराज चौक पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान देहरादून की ओर से आ रही एक कार को रोका गया। कार की तलाशी में अरुणांचल ब्रांड की 38 पेटी अंग्रेजी शराब व दो फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की गई। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी की पहचान अमृतपाल पुत्र ताजेंद्र सिंह निवासी बस्ती, पीरडाट रोड, कमल विहार जालंधर पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी की कार को सीज कर दिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।