ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
दून-पांवटा हाईवे पर युवक ने चलती प्राइवेट बस से छलांग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राइवेट वाहन से दून के महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 10 बजे एक प्राइवेट बस देहरादून से विकासनगर की ओर आ रही थी। बस की खिड़की और दरवाजे खुले हुए थे। राजा रोड सेलाकुई के पास अचानक एक युवक बस से कूद गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल और बेहोश हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राइवेट वाहन से युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की जेब से मिले आई कार्ड से उसकी पहचान भरत नेगी(26) पुत्र वीरेंद्र नेगी निवासी खोप थराली जिला चमोली के रूप में हुई। वह सेलाकुई स्थित एक कंपनी में काम की तलाश में आया हुआ था। घटना के बाद से चालक और परिचालक फरार चल रहे हैं।
चौकी प्रभारी गिरिश नेगी ने बताया कि मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। फिलहाल बस को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।