ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश/श्यामपुर।
आईडीपीएल स्थित विस्थापित क्षेत्र निर्मल ब्लॉक-सी में बीते बुधवार की रात अज्ञात ने एक बंद घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने नकदी के अलावा घरेलू सामान पर पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक विस्थापित क्षेत्र में मदन मोहन भट्ट परिवार संग किसी काम से बाहर गए हुए थे। भट्ट ने बताया कि चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी से नकदी और कीमती माला के अलावा सिलिंडर, एक चूल्हा, आठ तांबे के लोटे, कांसे की थाली, दो कंबल, छह गद्दे व एक चांदी की मूर्ति ले गए हैं। बृहस्पतिवार को भट्ट ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौका-मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने मामले में लिखित कार्यवाही नहीं की थी। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उधर, डॉ. भीमराव आंबेडकर स्वाभिमान संस्थान के प्रदेश महासचिव राजकुमार ने बताया कि चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में दशहत हैं।