ब्यूरो/अमर उजाला,श्यामपुर।
पंजाब एंड सिंध बैंक के श्यामपुर स्थित एटीएम के की-बोर्ड को असामाजिक तत्वों ने फेविक्विक से जाम कर दिया, जिससे एटीएम का की बोर्ड खराब हो गया। कीबोर्ड नहीं चलने नकदी निकासी के लिए एटीएम पहुंचे लोगों को परेशानी पेश आई। मामले में बैंक प्रबंधक ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि, अभी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
श्यामपुर बाईपास स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के प्रबंधक विजेंद्र सजवाण ने बताया कि एटीएम में करीब 15 लाख रुपये का कैश सुरक्षित है, लेकिन फेविक्विक की-बोर्ड पर डालने से वह जाम हो गया है। बताया कि एटीएम की सीसीटीवी फुटेज में अज्ञात व्यक्ति भीतर दाखिल होता दिख रहा है। फुटेज में अज्ञात की-बोर्ड पर फेविक्विक डालते हुए भी नजर आ रहा है। सजवाण ने बताया कि पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस बाबत बैंक आला अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
एटीएम तोड़ने की जताई जा रही है आशंका
बैंकों सूत्रों की मानें तो यह एटीएम तोड़ने की साजिश भी हो सकती है। आशंका यह जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति ने इसलिए एटीएम का की-बोर्ड जाम किया होगा, ताकि दिन भर एटीएम से कैश न निकले, और रात के समय वह साजिश को अंजाम देते। जिस तरह एटीएम के की-बोर्ड को जाम किया गया था, उससे यह भी माना जा रहा है कि की-बोर्ड को जाम करने वाले व्यक्ति को अंदेशा था कि एटीएम में कैश है। हालांकि शाखा प्रबंधक ने इस तरह की बात होने से इंकार किया है। अज्ञात व्यक्ति के पकड़े जाने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा हो सकेगा।