ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
दून घाटी विशेष क्षेत्र प्राधिकरण (साडा) की टीम ने मंगलवार को तेलपुर अटक फॉर्म में अवैध रूप से किए जा रहे फ्लैट और दुकान निर्माण कार्य को सील कर दिया। सहायक अभियंता श्याम मोहन शर्मा ने बताया कि लंबे से प्राधिकरण की टीम को गांव स्थित बहादरपुर रोड में अवैध रूप से फ्लैटों और दुकान बनाने की शिकायत मिल रही थी। बिना नक्शा पास किए फ्लैट और दुकान का निर्माण किया जा रहा था। मामले में पूर्व में भी भू स्वामी को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन कार्य न रुकने पर मंगलवार को साडा की टीम ने अवैध रूप से बन रहे चार फ्लैट और एक दुकान निर्माण कार्य को सील कर दिया। इस मौके पर अवर अभियंता सुधीर गुप्ता, सतीश चौहान और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।