ब्यूरो/ऋषिकेश। रायवाला थाना क्षेत्र अंतगर्त मोतीचूर में एक बाबा ने साधु को आपसी कहासुनी में डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने हत्यारोपी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी थी। एसआई की तहरीर पर उसके खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। थाना पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब आठ बजे मोतीचूर के जंगल में एक 40 वर्षीय साधु का शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी बाबा को मोतीचूर से ही गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने बताया कि आरोपी बाबा ने खुद ही अपना गुनाह कबूल कर लिया है। बताया कि आरोपी ने डंडे से पीट-पीटकर साधु की हत्या करना कबूल किया है। हालांकि, आरोपी ने यह नहीं बताया है कि आखिर किस वजह से उसने साधु की हत्या की। बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी की निशानदेेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडे को तलाशा जा रहा है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी इस बाबत सूचित कर दिया गया है। बताया कि आरोपी के खिलाफ उपनिरीक्षक की तहरीर पर संबंधित धाराओं में दर्ज किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।