ब्यूरो/ऋषिकेश। तीर्थनगरी में फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग के दौरान बीते शुक्रवार की देरशाम विवाद हो गया। एक पुलिसकर्मी ने शूटिंग के क्रू मेंबर को थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद हंगामा हो गया। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बीते शुक्रवार की देरशाम रामझूला में फिल्म का सेट लगा था। जबकि टीम कलाकारों का इंतजार कर रही थी। इसी बीच एक दारोगा की यूनिट के क्रू मेंबर के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पुलिसकर्मी को इस कदर गुस्सा आया कि उसने एक मेंबर को थप्पड़ जड़ दिया। सदस्य को थप्पड़ लगते ही मौके पर यूनिट के अन्य लोग भी आ गए।
हंगामा होते ही लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। देर रात तक चले विवाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। हालांकि, थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय ने इस तरह की किसी भी घटना से इनकार किया है। गौरतलब है कि इन दिनों तीर्थनगरी में फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग चल रही है। फिल्म की शूटिंग के लिए अभिनेता शाहिद कपूर और श्रद्धा कूपर टीम के साथ तीर्थनगरी पहुंचे हुए हैं। स्वर्गाश्रम और मुनिकीरेती क्षेत्र के कई इलाकों में फिल्म के कुछ दृश्य को फिल्माया जा रहा है। बीते दिवस मुनिकीरेती क्षेत्र में फिल्म का सेट लगा था। टीम कलाकारों का इंतजार करती रही, मगर उनके नहीं पहुंचने से दृश्यों का फिल्मांकन नहीं हो पाया।