ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
एक व्यक्ति ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का नेता बता सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से 80 हजार रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर सहसपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
देहरादून के क्लेमेंटटाउन निवासी युवती ने सहसपुर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि आठ माह पूर्व उसकी मुलाकात मोहम्मद असरफ खान (एमए खान) पुत्र करीम बख्श, निवासी रामपुर शंकरपुर, थाना सहसपुर से हुई थी। उसने खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी का नेता बताया था। युवती ने बताया कि एम्स ऋषिकेश में नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने उससे 80 हजार रुपये लिए थे। जब नौकरी न लगने पर उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसे गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी के घर पर जाकर रुपये मांगे तो उसने युवती के साथ अश्लील हरकतें कीं। वह मुश्किल से जान बचाकर वहां से निकली।
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से टिहरी जिले के ग्राम कानाताल, थाना चंबा का रहने वाला है। दून में रहकर वह नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करता है। इससे पूर्व भी वह सात लोगों को ठग चुका है। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।