सात साल बाद फरार वारंटी गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश। सात साल से लूट की योजना बनाने के मामले में फरार चल रहे वारंटी को ऋषिकेश पुलिस ने बिजनौर पुलिस की मदद से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय ने घर की कुर्की के आदेश जारी किए थे।
आईडीपीएल चौकी प्रभारी दीपक तिवारी के मुताबिक आरोपी आजाद अली पुत्र मोहम्मद अली निवासी रेहरा, थाना हेमपुर, जिला बिजनौर, यूपी को करीब सात साल पूर्व ऋषिकेश में लूट की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जमानत पर रिहा होने के बाद से वह पेशी पर न्यायालय नहीं जा रहा था। लगातार समन जारी होने के बावजूद भी जब आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ, तो अदालत ने उसके घर की कुर्की के आदेश जारी कर दिए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी आजाद पुलिस को लगातार गच्चा दे रहा था। धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने में लगी थी, जिसके चलते सोमवार को बिजनौर पुलिस की सहायता से उसे नेपालीफार्म तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया गया है। बताया कि आरोपी के खिलाफ चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं।