ब्यूरो/डोईवाला। देहरादून-मिस्सरवाला हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर और ट्रक की आमने सामने भिड़ंत होने से जम्मू कश्मीर के आठ यात्रियों सहित नौ लोग घायल हो गए। घायलों को डोईवाला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चार लोगों को हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे टेंपो ट्रैवलर डोईवाला की ओर से देहरादून जा रहा था। विपरीत दिशा से एक मालवाहक ट्रक देहरादून की ओर से डोईवाला आ रहा था। मिस्सरवाला क्षेत्र में दोनों वाहनों की आमने सामने की टक्कर हो गई। एसएसआई योगेंद्र सिंह गुसांई ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर में जम्मू कश्मीर के यात्री सवार थे। वाहन का ड्राइवर लगातार कई घंटों से वाहन चला रहा था।
टक्कर लगने पर मुनीर अहमद 22 पुत्र अब्दुल हमीद निवासी जम्मू कोर्ट बलवार बर्न थाना गंगरोटा जम्मू कश्मीर, कुंती देवी 65 पत्नि स्व. सुरेंद्र लाल 225 सी जानीपुर पावर हाउस रामविहार जम्मू, चंद्रकला 57 पत्नि यतेंद्र सिंह निवासी जानीपुर जम्मू, श्रेष्ठा जमाल 68 पुत्र स्व. नरेंद्र सिंह जानीपुर जम्मू, जगदीश सिंह 75 पुत्र स्व. रामसिंह निवासी जानीपुर जम्मू, सुदेश जमाल 68 पत्नि कुलदीप सिंह जानीपुर जम्मू, कमलेश 65 पत्नि रतन जानीपुर जम्मू, रीना देवी 65 पत्नी जगदीश जानीपुर जम्मू, ललिता 45 पत्नि मिंदर शर्मा जानीपुर जम्मू के अलावा ट्रक चालक जीतेंद्र सिंह 26 पुत्र जयप्रकाश निवासी जमालपुर कला थाना कनखल हरिद्वार घायल हो गए। मुनीर अहमद और कुंती देवी समेत चार लोगों को उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट भेजा गया है।