श्रीनगर। शहर में हुए मंगलौर निवासी अनीस हत्याकांड के तीसरे आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए एक पुराने में मामले की जमानत तुड़वाकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर लिया है। पुलिस उक्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से मुजफ्फरनगर में डेरा डाले हुए थी। उक्त आरोपी मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ मुजफ्फरनगर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब कागजी कार्रवाई पूरी कर इसे श्रीनगर लाने की तैयारी में हैं।
29 जनवरी को स्थानीय जीआईएंडटीआई मैदान में बोरे में एक युवक का शव मिला था। बाद में युवक की शिनाख्त मंगलौर निवासी अनीस मलिक पुत्र रईश के रूप में हुई थी। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने 6 फरवरी को शहर के कपड़ा व्यापारी सगीर अहमद व बहादुर उर्फ ईनाम निवासी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया था। सगीर ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया था कि उसने भाड़े के दो हत्यारों से अनीस की हत्या कराई थी, जिसमें से बहादुर गिरफ्तार किया जा चुका था जबकि एक फरार हो गया था। तीसरा हत्यारोपी मुजफ्फरनगर का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा था, जिस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उक्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार दबिश भी दे चुकी थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उक्त तीसरे आरोपी ने मुजफ्फरनगर के एक पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर लिया है। न्यायालय में कागजी कार्रवाई पूरा कर जल्द उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
कोट---------
--अनीस हत्याकांड के तीसरे आरोपी ने एक पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर लिया है। जल्द ही न्यायालय में कागजी कार्रवाई पूरी कर इसे रिमांड पर लिया जाएगा।
-जेआर जोशी, एसएसपी पौड़ी।