सड़क दुर्घटना में घायल छात्र ने तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
सेलाकुई।
झाझरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत दून-पांवटा हाईवे पर सड़क दुर्घटना में घायल हुए छात्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी छात्र के परिजनों को दे दी है।
जानकारी के अनुसार अंशुमन पांडेय(20) पुत्र रंजीत पांडेय निवासी जमशेदपुर झारखंड डीबीएस कॉलेज सेलाकुई में पढ़ाई करता था। छात्र यहां छात्रावास में रहता था। बीते मंगलवार की रात को वह अपने दोस्त के साथ बाइक में सवार होकर देहरादून से छात्रावास की ओर जा रहा था। धूलकोट जंगल के पास सिंघनीवाला तिराहे पर सामने से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे अंशुमन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में निजी वाहन से मैक्स अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी शिशुपाल राणा ने कहा कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।