मुकदमों के निस्तारण में देरी पर एसएसपी खफा
-- एसएसपी पौड़ी जेआर जोशी ने फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तारी के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
पौड़ी के एसएसपी ने कोटद्वार सर्किल के पुलिस अधिकारियों की थाना लक्ष्मणझूला में मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से लंबित मामलों का फीडबैक लिया। मुकदमों के निस्तारण में देरी पर उन्होंने कई अधिकारियों को फटकार भी लगाई। इसके साथ ही संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश भी दिए। मंगलवार को कोटद्वार सर्किल के थानों और कोतवाली में दर्ज मामलों की समीक्षा के लिए एसएसपी जगतराम जोशी ने लक्ष्मणझूला थाने में पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। एसएसपी ने सर्किल के सभी थानाध्यक्षों, इंस्पेक्टर और विवेचक दारोगाओं से लंबित मामलों की जानकारी तलब की। कई मामलों में आरोपियों की धरपकड़ में देरी पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
फरार आरोपियों और वांटेड क्रिमिनल की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। लंबित मुकदमों में साक्ष्य जुटाकर उनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था को कायम रखने के हरसंभव प्रयास किए जाएं। सुरक्षा व्यवस्था को भी मुकम्मल रखा जाए। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी जोधराम जोशी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार उत्तम सिंह जिनीवाल, एसओजी इंस्पेक्टर मनोज रतूड़ी, कालागढ़ थानाध्यक्ष विजय सिंह, एसओ रिखणीखाल सुनील रावत, थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला प्रदीप राणा, एसओ धुमाकोट लक्ष्मण सिंह कठैत, एसआई विवेक राठी, नीरज कुमार, विनोद कुमार, दीक्षित पंवार आदि मौजूद थे।
वरिष्ठ नागरिकों का रखें ख्याल
ऋषिकेश। पौड़ी जिले में चलाए जा रहे वरिष्ठ नागरिक मुलाकात कार्यक्रम को लेकर भी एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। एसएसपी के पेशकार कपूर चंद ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगतराम जोशी ने बुधवार को सभी थाना औीर कोतवाली पुलिस के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सीनियर सिटीजन से घर-घर जाकर मुलाकात करने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनने और पुलिस से जुड़ी शिकायतों को त्वरित निस्तारण करने के लिए कहा है। अन्य विभागीय समस्याओं को उन्हें ट्रांसफर करने के निर्देश दिए हैं।
थाने का निरीक्षण भी किया
ऋषिकेश। एसएसपी पौड़ी जगतराम जोशी ने सोमवार को लक्ष्मणझूला थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मालखाना और आपदा बचाव उपकरणों को भी देखा। एसएसपी ने अभिलेखों की जांच कर स्थानीय पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने बैरक और थाना परिसर में साफ-सफाई के इंतजामों को भी परखा। इसके साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने के लिए कहा। मौके पर थानाध्यक्ष प्रदीप राणा, एसआई टीना रावत आदि मौजूद थे।