कर्णप्रयाग/थराली। राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र डुंग्री में तैनात वार्ड ब्वाय की पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। पीड़िता के पति ने राजस्व उपनिरीक्षक डुुंग्री को गांव के एक युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। राजस्व उपनिरीक्षक ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की खोज में जुट गई है।
रिठोली (कर्णप्रयाग) निवासी और राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल डुंग्री में वार्ड ब्वाय के पद पर कार्यरत राकेश अस्पताल के सरकारी आवास में पत्नी और बच्चों सहित रहता है। तहरीर के मुताबिक 16 जनवरी की शाम साढ़े सात बजे डुग्री गांव निवासी पवन मिश्रा पुत्र मोहन चंद्र मिश्रा ने राकेश की पत्नी पुष्पा को आवास के गेट पर बुलाया और मिट्टी का तेल छिड़ककर लाइटर से आग लगा दी। घटना की जानकारी होने पर राकेश ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। बुरी तरह झुलसी पुष्पा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्णप्रयाग लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे देहरादून रेफर कर दिया गया है। हालत गंभीर होने से अब उसे सफदरजंग अस्पताल दिल्ली में भर्ती कराया गया है।
राजस्व उपनिरीक्षक सीएस बुटोला ने बताया कि राकेश सिंह ने मामले की तहरीर डाक से दी है। आरोपी पवन मिश्रा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी गई है। आरोपी की बस्ती में ही किराने की दुकान है। वह अभी फरार है।