दिनदहाड़े चोरी करने वाले चार आरोपी दबोचे
-- मौजा रानीपोखरी में चोरी की घटना का किया खुलासा
-- आरोपियों से चोरी के आभूषण व हथौड़ी आदि बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। मौजा रानीपोखरी क्षेत्र में 17 दिन पूर्व दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में चार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। आरोपियों से चोरी के आभूषण और हथौड़ी आदि बरामद किए गए हैं। एसएसपी ने पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। रानीपोखरी पुलिस के मुताबिक बीती 4 जनवरी को नवीन कुमार पुत्र रणवीर सिंह निवासी मौजा रानीपोखरी, देहरादून ने घर से आभूषण चोरी की शिकायत की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि बीते शुक्रवार की शाम पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एयरपोर्ट तिराहे के समीप चार संदिग्ध लोग खड़े हैं। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में युवकों ने मौजा रानीपोखरी निवासी नवीन कुमार के घर चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का सोने का हार, मांगटीका, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमके, टॉप्स, लॉकेट, चांदी की पाजेब आदि आभूषण बरामद किए हैं।
आरोपियों से दो पेचकस, एक प्लास, हथौड़ी व दो चाकू भी पुलिस को मिले हैं। आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ राधे उर्फ मिरिंडा पुत्र स्व. सुरेश कुमार, सन्नी पुत्र प्रेम सिंह दोनों निवासी चक्सानगर, शिवलोक कॉलोनी, देहरादून, सिकंदर उर्फ हिरी पुत्र स्व. गोपाल व शिवम उर्फ शिवा पुत्र राजू दोनों निवासी हरापुर, दीपनगर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
रेकी कर देते थे घटना को अंजाम
ऋषिकेश। रानीपोखरी पुलिस की गिरफ्त में आए चारों चोर शातिर किस्म के हैं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि आरोपी दिन के समय गांव व मोहल्लों में घूमते हैं और रेकी कर बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला, एसआई योगेश कुमार, कांस्टेबल युवराज सिंह, सचिन राणा, हरीश उप्रेती, अनिरुद्ध, भारत सिंह, आनंद, विपिन कुमार, आशीष शर्मा आदि शामिल थे।