ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
रायपुर पुलिस पर गाड़ी का चालान करने पर विरोध जताने के दौरान एक पूर्व छात्र नेता ने पिटाई का आरोप लगाया है। इसके विरोध में छात्र नेता और उनके साथियों ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंपकर उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर रायपुर पुलिस ने छात्र नेता के पिटाई के आरोपों को गलत बताया है।
एसएसपी कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मालदेेवता में सड़क हादसे के दौरान युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने जाम लगाया था। इसमें डीएवी के पूर्व छात्रनेता बालम बिष्ट भी शामिल थे। आरोप है कि इसको लेकर पुलिसकर्मी उनसे खुन्नस खाने लगे और अगले दिन उसके वाहन का चालान कर दिया। आरोप है कि विरोध जताने पर पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए छात्र नेता की पिटाई कर दी। इस दौरान सुनीता बिष्ट, किशन सिंह नेगी, विजय प्रधान, विकास, अतुल, विजय, राजन, सचिन, सुमित पंवार शामिल रहे।
--
बालम सिंह और उनके साथी क्षेत्र में लगातार अराजकता की स्थिति पैदा कर रहे हैं। आए दिन क्षेत्र में माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर ही चालान की कार्रवाई की थी। मारपीट का आरोप पूरी तरह गलत है।
-मनोज रावत, एसएसआई, थाना रायपुर