पुलिस ने आबकारी अधिकारी का वाहन किया सीज
-- ठेके के बाहर जाम लगने के कारण पुलिस ने किया पहले चालान
डोईवाला। देहरादून के आबकारी विभाग के एक अधिकारी के वाहन का डोईवाला पुलिस ने चालान कर उसे सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि दून-ऋषिकेश हाईवे पर बेतरतीब खड़े अधिकारी के वाहन से मौके पर जाम की स्थिति पैदा हो रही थी, लिहाजा उक्त कार्रवाई की गई। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह गुसाईं के अनुसार रात करीब आठ बजे ऋषिकेश-दून हाईवे पर डोईवाला शराब ठेके के बाहर प्राइवेट नंबर का वाहन खड़ा हुआ। उसमें से उतरे लोग ठेके में चले गए। जाम की स्थिति में जब वाहन चालक को वाहन आगे ले जाने के लिए कहा गया तो वह नहीं माना। ऐसे में उसका चालान किया गया। कागजात न दिखाने पर पुलिस वाहन को कोतवाली ले आई और उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि बाद में पता लगा कि उक्त वाहन किसी आबकारी अधिकारी है। उधर, इस मामले में एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने एएसपी सदर को डोईवाला जाकर मामले की जांच करने के लिए कहा है।