नहर किनारे मिली महिला की चप्पल और बैग
-- लक्ष्मणझूला पुलिस ने महिला की तलाश की शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। चीला रोड पर शक्ति नहर के समीप एक महिला का बैग और चप्पल मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर महिला की तलाश शुरू कर दी है। लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक बीते रविवार की देर शाम बैराज के समीप चीला रोड पर शक्ति नहर के किनारे एक महिला की चप्पल और बैग पड़े होने की सूचना आसपास के लोगों ने दी। मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने बैग को कब्जे में लिया। बैग की तलाशी के दौरान उसमें महिला की पहचान से जुड़े कागजात बरामद हुए। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल महिला की पहचान उजागर करने से इनकार कर दिया है, लेकिन उसकी उम्र 42 वर्ष बताई है। थानाध्यक्ष प्रदीप राणा ने बताया कि चीला के जंगल और शक्ति नहर के आसपास महिला की तलाश की जा रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को भी इस बाबत सूचित कर दिया गया है।