अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कनखल की शांतिपुरम कालोनी में हुए दोहरे हत्याकांड से पर्दा उठाने को लेकर पुलिस की जांच अब भी अंधेरे में ही चल रही है। पुलिस को एक भी ठोस सुराग नहीं मिला है। हालांकि, इलैक्ट्रानिक्स सर्विलांस से पुलिस को उम्मीद है।
कनखल की शांतिपुरम कालोनी में रिटायर्ड रेलकर्मी श्याम लाल कुकरेजा और उसके बेटे भारत उर्फ राहुल कुकरेजा की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड का पता चार दिन बाद जब चला था तब तक शव बुरी तरह सड़ गल चुके थे। तब से कई पहलुओं पर जांच कर चुकी पुलिस के हाथ खाली हैं। दोस्तों, पत्नी से लेकर नाते रिश्तेदारों से भी पूछताछ के बाद नतीजा सिफर ही है।
पुलिस को अभी इलैक्ट्रानिक्स सर्विलांस से दोहरे हत्याकांड के खुलासे की उम्मीद है। उस दिशा में अभी कार्य चल रहा है। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने बताया कि गहनता से जांच चल रही है।
पुलिस को घटनास्थल ने भी उलझाकर रख दिया है। गौर करने वाली बात ये है कि धारदार हथियार से हत्या की गई है, ये साफ है। पर, पिता- पुत्र के जहां शव मिले थे वहां आसपास खून का एक भी छींटा नहीं है। न ही कोई निशान पाए गए हैं। ऐसी संभावना भी है कि पिता- पुत्र को खाद्य सामग्री में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया गया होगा। क्योंकि रसोई में सिंक में चार प्लेट भी मिली है। पर, अब यह साफ नहीं हो सकता कि नशीला पदार्थ खिलाया गया था। इसकी वजह ये है कि बिसरा इस लायक भी नहीं बचा कि उसे सुरक्षित रखा जा सके।