श्रीनगर। कोतवाली पुलिस ने 108 किलो गांजा के साथ हरिद्वार निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक खांखरा क्षेत्र के एक गांव से गांजा हरिद्वार बेचने के लिए ले जा रहे थे। गांजा की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को पुलिस अधिकारियों ने पुरस्कार की घोषणा की है।
बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस ने हरिद्वार निवासी बालक नाथ व सूरज को खांखरा पुल के समीप 108 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। दोनों युवक खांखरा क्षेत्र के किसी गांव से गांजा ला रहे थे। आरोपी बालकनाथ ने बताया कि वह डेढ़ माह पूर्व भी इस गांव से गांजा हरिद्वार लेकर गया था। आरोपियों ने हरिद्वार चंडीघाट के कुछ व्यापारियों के नाम बताए हैं, जिन्हें वह यहां से गांजा लेकर सौंपते हैं। कोतवाल एनएस बिष्ट ने बताया कि आरोपियों से मिली जानकारी के अनुसार आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में डीआईजी ने 5 हजार व एसएसपी जगतराम जोशी ने 2500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल एनएस बिष्ट, एसएसआई जितेंद्र चौहान, कास्टेबल जगजीत सिंह, महेंद्र चाकर, मनोज नेगी, मोहन सिंह आदि शामिल थे। ब्यूरो