कर्णप्रयाग। नगर में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से एटीएम कार्ड बदलकर पांच हजार रुपये निकालने का मामला प्रकाश में आया है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपनिरीक्षक नवीन नेगी ने बताया कि पीड़ित योगेश ने शिकायत में बताया कि तीन दिन पूर्व एटीएम सेंटर से धनराशि निकालने गया था लेकिन पैसे नहीं निकले। इस पर पास में खड़े एक अन्य युवक ने पैसे निकालने की बात कही और एटीएम कार्ड ले लिया, लेकिन तब भी धनराशि नहीं निकली। इसके बाद योगेश अन्य एटीएम जाने लगा तो कुछ ही देर में फोन पर पांच हजार की धनराशि निकलने का मैसेज आया। इस पर योगेश ने युवक की ओर से लौटाए गए एटीएम कार्ड का एटीएम में प्रयोग किया तो कार्ड नहीं चला। तब योगेश ने पुलिस में इसकी शिकायत की। एसआई नवीन नेगी ने बताया कि मामले में बैंक प्रबंधन से जानकारी के साथ ही सीसीटीवी फुटेज मांगी गई है।