अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रोडीबेलवाला में गंगा किनारे मई में हुई रेप के बाद आठ माह की मासूम को मौत की नींद सुला देने की वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने कुछ संदिग्धों के डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। देहरादून की विधि विज्ञान प्रयोगशाला में सैंपल का मिलान होगा।
चंडीघाट आधा पुल के नीचे रहने वाले पेशे से रिक्शा चालक की आठ साल की पुत्री अपनी मां के साथ भीख मांगने गई थी। भीख मांगते हुए बालिका रोडीबेलवाला में गंगा किनारे शौच के लिए गई थी। बाद में वहां से उसका खून से लथपथ शव मिला था और मुंह में पत्थर ठूसा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि रेप के बाद मासूम के मुंह में पत्थर ठूसकर उसकी हत्या की गई थी। एक नशेड़ी के हत्याकांड को अंजाम देने की बात सामने आई थी, लेकिन वह पुलिस के हत्थे ही नहीं चढ़ सका। अब पुलिस ने कुछ संदिग्धों के डीएनए सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे है। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने बताया कि सैंपल भेज दिए गए है, रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।
किशोरियों के अपहरण में तीन नामजद
हरिद्वार। कनखल के बैरागी कैंप से दो किशोरियां लापता हो गई। एक किशोरी के पिता ने दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने जानकारी दी कि बैरागी कैंप के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी पुत्री एवं उसकी सहेली को मोहल्ले के ही रहने वाले युवक बहला फुसलाकर ले गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सोनू पुत्र रमेश, संतोष, मुकेश पुत्रगण सुशील कुमार के खिलाफ किशोरियों को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।