13 पेटी देशी शराब के साथ दो गिरफ्तार
-- पकड़े गए एक आरोपी के खिलाफ पहले ही हैं 56 मुकदमे दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
पुलिस ने गुमानीवाला में एक घर से बीती देर रात छापाकर मारकर गोदाम से अवैध देसी शराब की 13 पेटियों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात गुमानीवाला क्षेत्र अंतर्गत गुर्जर प्लॉट गली नंबर- नौ में अवैध शराब की खेप लाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने दो लोगों को एक घर में बनाए गए गोदाम के बाहर गत्ते की पेटियां ले जाते देखा। गोदाम की तलाशी लेने पर उसमें देसी शराब की 13 पेटियां बरामद हुई।
मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ टीटू पुत्र रामचंद निवासी बीस बीघा, बापूग्राम आईडीपीएल और राजू भटनागर पुत्र नत्थूराम निवासी कुम्हारबाड़ा, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल प्रवीण चंद कोश्यारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजू भटनागर के खिलाफ कोतवाली में 56 मुकदमे दर्ज हैं जबकि राजकुमार पर भी पांच मामले दर्ज हैं। बताया कि धरपकड़ में एसएसआई हेमंत खंडूड़ी, एसआई राजबर सिंह राणा, कांस्टेबल अतुल चौहान, वीर सिंह, आजाद आदि शामिल थे।