अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
फर्जी डिग्री और बिना पंजीकरण के अस्पतालों को सील किया जाएगा और संचालकों पर भी मुकदमे दर्ज होंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बहादराबाद, धनौरी और कलियर के पांच अस्पतालों के दस्तावेजों में भारी अनियमितताए सामने आई है। एसीएमओ ने बताया कि मामला संगीन है, अभी कई अन्य अस्पताल भी चिह्नित किए गए हैं।
सतर्कता विभाग के पुलिस महानिरीक्षक की सूचना पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की पांच टीमों ने बहादराबाद, धनौरी, कलियर में एक साथ छापेमारी की। जिसमें शगुन नर्सिंग होम गढ़मीरपुर, जीवन ज्योति नर्सिंग होम बहादराबाद, त्यागी हेल्थ सेंटर रोशनाबाद, गोल्ड लाइफ धनौरी और आयत साबरी नर्सिंग होम कलियर पर छापेमारी की। पांचों अस्पतालों में कार्यरत कथित डाक्टरों की डिग्री फर्जी मिली और अस्पतालों के पंजीकरण तक नहीं मिले। इनमें से कुछ अस्पतालों में भ्रूण हत्या कराने और महिलाओं की डिलीवरी कराने के मामले सामने आने के साथ दवा भी एक्सपायरी मिली। अस्पतालों में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के साथ क्लीनिकल इस्टेब्लिशमेंट एक्ट का पालन नहीं मिला। एसीएमओ डा. एचडी शाक्य ने बताया कि डाक्यूमेंट फर्जी हैं और कई डाक्टरों ने फर्जी तरीके से डिग्री बना रखी है। इसके अलावा अन्य भी कुछ मामले सामने निकल आ रहे हैं। मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए इन अस्पतालों पर शीघ्र ही सील कराते हुए संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी जनपद में ऐसे और भी अस्पतालों की सूचना आ रही है, जिन पर शीघ्र कार्रवाई होगी।