कर्णप्रयाग। एक बार फिर उपभोक्ता को फोन कर आधार और एटीएम नंबर पूछकर खाते से 31 हजार रुपये उड़ा लिए गए। पीड़ित उपभोक्ता ने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की।
जिलासू तहसील निवासी चंडी प्रसाद तिवाड़ी ने बताया कि 15 जुलाई की शाम को मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक में प्रबंधक बताया और आधार नंबर फीड करने के बहाने एटीएम नंबर, एकाउंट नंबर, पेन नंबर और आधार नंबर की जानकारी ले ली। तिवाड़ी ने बताया कि कॉलर ने कहा कि जानकारी नहीं मिलने पर आपका एकाउंट बंद कर दिया जाएगा, इसलिए कॉलर को इसकी जानकारी दे दी। कुछ देर बाद एसबीआई खाते से 31 हजार की निकासी का मेसेज आया। यह देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद चंडी प्रसाद तिवाड़ी ने पुलिस से शिकायत करते हुए मामले में कार्रवाई करने की मांग की।