जंगल में पेड़ पर लटका मिला माली का शव
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी।
मसूरी टिहरीमार्ग पर बाटाघाट के पास देवदार स्टेट में एक माली का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
मसूरी टिहरी मार्ग पर बाटाघाट स्थित देवदार स्टेट में काम करने वाले जंग बहादुर (40 वर्ष) पुत्र मनवीर बहादुर निवासी दीप नगर अजबपुर कलां देहरादून और हाल निवासी देवदार स्टेट बाटाघाट मसूरी का शव मुख्य सड़क से करीब 700 से 800 मीटर नीचे जंगल में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर कोतवाल राजीव रौथाण पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतारा। कोतवाल का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। वहीं मृतक के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। मृतक की पत्नी ने देवदार स्टेट में काम करने वाले चार लोगों पर शक जताया है। उन्होंने बताया कि जंग बहादुर की उक्त चार लोगों से रंजिश चल रही थी। पुलिस शक के दायरे में आए उक्त चारों लोगों से पूछताछ कर रही है।