ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
आपूर्ति विभाग की टीम ने जोगीवाला स्थित आधुनिक गैस एजेंसी के गोदाम में छापेमारी कर अवैध री-फिलिंग पकड़ी। गोदाम इंचार्ज समेत तीन कर्मचारी गोदाम के पिछले हिस्से में अवैध री-फिलिंग कर रहे थे। टीम ने मौके से री-फिलिंग उपकरण बरामद किए हैं। टीम ने तीनों को नेहरू कॉलोनी पुलिस को सौंप दिया। तीनों के खिलाफ विभाग की ओर से केस दर्ज कराया गया है। जबकि एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई को तेल कंपनी को पत्र लिखा गया है।
मंगलवार आपूर्ति विभाग को जोगीवाला स्थित आधुनिक गैस के गोदाम में अवैध री-फिलिंग की सूचना मिली। सूचना पर जिला आपूर्ति अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में टीम ने गोदाम पर छापा मारा। गोदाम के मुख्य गेट पर सिलिंडर लदे ट्रक खड़े थे। टीम ने अंदर जाकर जांच पड़ताल की तो गोदाम इंचार्ज मनोज, कर्मचारी राजू और हरिकेश अवैध री-फिलिंग कर रहे थे। टीम ने उनके पास से री-फिलिंग उपकरण बरामद किए। टीम ने कई घंटों तक गोदाम में जांच की। बाद में टीम ने तीनों को नेहरू कॉलोनी चौकी पुलिस को सौंप दिया। जिला आपूर्ति अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि तीनों के खिलाफ विभाग की ओर से केस दर्ज कराया गया है। साथ ही एजेंसी खिलाफ कार्रवाई के लिए तेल कंपनी को पत्र भेजा गया है। बताया कि गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए दो दिन बाद डीएम के साथ भी बैठक की जाएगी। जिसमें कालाबाजारी पर नकेल कसने के लिए कई अहम निर्णय भी लिए जाएंगे। टीम में सुनील देवली, अजय रावत आदि शामिल थे।