बिजली बिल के 3.59 लाख डकार गया क्लर्क
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
देहरादून। विद्युत वितरण उपखंड मोहनपुर में बिजली बिल में गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लर्क ने बिल के 3.59 लाख रुपये विभागीय खाते में जमा नहीं कराए। इस मामले में उपखंड अधिकारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एसओ प्रेमनगर दिलबर सिंह नेगी के अनुसार विद्युत वितरण उपखंड अधिकारी विनीत गुप्ता ने क्लर्क संजीव कोठारी निवासी मोहनपुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार गत चार सितंबर से 11 सितंबर तक उपभोक्ताओं ने विभिन्न प्रकार के शुल्क कार्यालय में जमा कराए। इस दौरान कुल तीन लाख उनसठ हजार दो सौ इक्यासी रुपये क्लर्क संजीव कोठारी ने जमा किए, लेकिन यह धनराशि विभागीय खाते में जमा नहीं की। उपखंड अधिकारी की तहरीर पर क्लर्क संजीव कोठारी के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया है।