सीमाओं में बंधकर काम न करें अधिवक्ता
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। नैनीताल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश लोकपाल सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं को किसी सीमा में बंधकर काम नहीं करना चाहिए। मामला चाहे सिविल का हो या अपराध का। अधिवक्ताओं को हर मामले की पैरवी करनी चाहिए और पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए। न्यायाधीश लोकपाल सिंह अधिवक्ताओं के विशेष आग्रह पर सोमवार को देहरादून बार एसोसिएशन भवन पहुंचे थे।
न्यायाधीश लोकपाल सिंह ने न्याय प्रक्रिया में जीरो टॉलरेंस के साथ ही जजों और अधिवक्ताओं के काम करने के तरीकों पर अपनी राय रखी। अतिक्रमण पर हुई कार्रवाई पर कहा कि इससे काफी राहत मिली है। कोशिश की जानी चाहिए कि ये व्यवस्था आगे भी बनी रहे। राज्य से संबंधित कई महत्वपूर्ण आदेश देने वाले न्यायाधीश लोकपाल सिंह का बार एसोसिएशन भवन में अधिवक्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे ज्यादा भार न्यायपालिका के कंधों पर है। वकीलों की जिम्मेदारी है कि कानून के दायरे में रह कर न्याय को साबित करे। किसी खास केसों का टैग अपने ऊपर नहीं लगने देना चाहिए। हर फील्ड में काम करना चाहिए। इससे काम करने की क्षमता और ज्ञान बढ़ेगा। न्याय के मंदिर में साफ सुथरा काम होना चाहिए।