धोखाधड़ी के मामले में दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि दंपती ने एक व्यक्ति से मकान बेचने का सौदा कर 14 लाख रुपये हड़पे हैं।
मामले में रीता गर्ग निवासी तिलोथ कॉलोनी, उत्तरकाशी ने 23 जनवरी को डीजीपी से शिकायत की थी। अंजू देवी और उसके पति उत्तम सिंह निवासी टी एस्टेट, बंजारावाला से उनकी मुलाकात हुई। दोनों बताया कि वह अजबपुर खुर्द स्थित जमीन पर मकान बना रहे हैं। बेचने के लिए 35 लाख रुपये में नवंबर 2021 में डील हुई। बेचने वाले पक्ष ने मकान पर आईसीआईसीआई बैंक से लोन लिया हुआ था। तय हुआ कि लोन रीता गर्ग के नाम पर ट्रांसफर करा दिया जाएगा। डील के तहत रीता पक्ष की तरफ से 14 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। कहा गया कि मकान का निर्माण पूरा कर उनके नाम पर रजिस्ट्री कर दें। आरोप है कि निर्माण पूरा होने पर दंपति ने रजिस्ट्री नहीं की। उन्होंने वहां किरायेदार रख दिए और रकम देने से इन्कार कर दिया। एसओ नेहरू कॉलोनी लोकेंद्र बहुगुणा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।