मतगणना के संबंध में जानकारी हासिल करते एसडीएम कौस्तूभ मिश्र, सीओ बीएस धोनी।
- फोटो : VIKAS NAGAR
गांव की सरकार बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतों की गिनती सोमवार को शुरू होने के बाद देर रात तक अधिकतर नतीजे घोषित हो चुके थे। शेष पदों के रुझान मिलने शुरू हो गए थे। मतगणना प्रक्रिया में जुटे अधिकारियों को उम्मीद है कि मंगलवार तक सभी नतीजे आ जाएंगे। मतों की गणना का पहला दौर सोमवार की सुबह आठ बजे से शुरू हो गया। पछवादून के चारों विकासखंडों में बने मतगणना स्थलों पर सुबह से शुरू हुई मतों की गिनती देर रात तक जारी रही। इस दौरान कई मतगणना केंद्रों पर कभी प्रत्याशी समर्थक तो कभी मतगणना कर्मियों और प्रत्याशियों के बीच नोकझोंक होती रही। सोमवार को चकराता विकासखंड के लिए कैंट इंटर कॉलेज, कालसी के लिए जीआईसी कालसी, विकासनगर के लिए आशाराम वैदिक इंटर कॉलेज और सहसपुर प्रखंड के लिए एजीजआरआर इंटर कॉलेज में मतगणना का दौर शुरू हुआ। इसके लिए सभी मतगणना स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक में मतगणना के लिए 14-14 और कालसी में मतगणना के लिए 13 टेबल लगाई गईं। चकराता में 11 टेबलों पर मतगणना कार्य हुआ। सहसपुर और विकासनगर में नतीजे बहुत ही धीमी गति से आते रहे। सबसे तेजी चकराता ब्लॉक में देखने को मिली। जहां शाम पांच बजे तक अधिकारिक रूप से 25 ग्राम प्रधानों के रिजल्ट घोषित हो चुके थे।