दिल्ली की घटना के बाद देहरादून का खाद्य सुरक्षा विभाग भी हुआ सतर्क माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। दिल्ली में एक डिलीवरी ब्वॉय के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद देहरादून का खाद्य सुरक्षा विभाग भी अब सतर्क हो गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग खाने पीने की चीजों की होम डिलीवरी करने वाले प्रतिष्ठानों और डिलीवरी ब्वॉय की मॉनीटरिंग शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम में दून के विभिन्न ऑनलाइन फ़ूड कंपनियों और अन्य प्रतिस्ठानो के डिलीवरी ब्वॉयज और होटल-रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई। कोरोना के जिला नोडल अधिकारी (प्रशिक्षण) डॉ. अनोज कुमार डिमरी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल, जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. जेएल फिरमाल ने 50-50 के बैच में कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी। उन्हें हर डिलीवरी के समय सेनेटाइजेशन, मास्क लगाने और जांच जरूर कराने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि कंपनियां रोज शाम को एडीएम और सीएमओ को रिपोर्ट करेंगी। कुछ कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें होटल रेस्टोरेंट में जांच करने के लिए उपकरण नहीं है। ऐसे होटलों का क्या होगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीसी कंडवाल ने बताया कि सभी कंपनियों को डीएम का आर्डर भेज दिया गया है। कंपनियों को होटलों को इस पर अमल करवाना है। अब उनकी तरफ से अमल नहीं किया जाएगा तो कार्रवाई की जाएगी।