देहरादून उत्तराखंड समेत देश के तमाम राज्यों में कोरोना बढ़ने के साथ ही ओमिक्रॉन वायरस के खतरों के बीच शासन और स्वास्थ्य महानिदेशालय अलर्ट हो गया है।
स्वास्थ्य महानिदेशालय की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक राजधानी दून समेत पूरे जिले में प्रतिदिन छह हजार लोगों की कोरोना जांच की जाएगी। जिसकी दैनिक रिपोर्ट स्वास्थ्य महानिदेशालय के साथ ही सरकार, शासन को भी भेजी जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि कोई भी संक्रमित मरीज दूसरे राज्य से जिले की सीमा में बगैर आरटीपीसीआर, एंटीजेन टेस्ट कराए दाखिल न हो सके इसके लिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट के अलावा रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड और चेकपोस्टों पर आरटीपीसीआर और एंटीजन टेस्ट में तेजी लाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा अस्पताल के साथ ही तमाम सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों से कहा गया है कि वे भी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले बीमार मरीजों का आरटीपीसीआर जांच कराए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को लगता है कि उसकी तबीयत खराब है और उसे कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो वह तत्काल दून अस्पताल, कोरोनेशन व गांधी शताब्दी के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जांच कराए।