माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा थम नहीं रहा है। मंगलवार देर रात कोरोना संक्रमित एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इस तरह देहरादून जिले में अब तक कोरोना संक्रमित 92 लोगों की मौत हो चुकी है। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार हिम ज्योति एन्क्लेव, शिमला बाईपास निवासी 55 वर्षीय मरीज को सांस में दिक्कत होने के कारण परिजनों ने तीन दिन पहले पटेलनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार को मरीज में कोरोना के लक्षण पाए जाने पर सैंपल आज के लिए भेजा गया था। जांच में मरीज में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसकी रिपोर्ट निजी अस्पताल को मंगलवार रात मिली। जिस पर अस्पताल में रात को ही मरीज को राजकीय दून मेडिकल अस्पताल रेफर किया। दून अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीज का उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद मरीज की मौत हो गई। शव को कोविड की गाइडलाइन के तहत मोर्चरी में रखवा दिया गया। दोपहर तक अस्पताल प्रशासन की ओर से शव को सुपुर्द ए खाक करने के लिए परिजनों को सौंपने की तैयारी चल रही थी। अस्पताल के कर्मचारी परिजनों और पुलिस की मदद से सब को सुपुर्द ए खाक करेंगे। कोरोना के स्टेट को-ऑर्डिनेटर एवं राजकीय दून मेडिकल अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. एनएस खत्री ने कोरोना संक्रमित बुजुर्ग की मौत की पुष्टि की है।