प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते पूर्व नेता प्रतिपक्ष। स्रोत दल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
कालसी। अंकिता हत्याकांड के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिपुर से कालसी गेट तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार अपने नेता को बचाने के लिए सीबीआई जांच नहीं कराना चाहती है। कांग्रेस हत्याकांड की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग कर रही है। जब तक मांग को पूरा नहीं किया जाता, कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार एक बेटी की हत्या की जांच तक कराना नहीं चाहती है। जुलूस व प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय किशोर, चकराता के ज्येष्ठ उप प्रमुख फतेह सिंह, मामू खान, अनीता निराला, उमादत्त जोशी, रेखा देवी, गोपाल चौहान, दीवान सिंह, श्याम दत्त वर्मा आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।