देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में सहस्रधारा क्रॉसिंग रायपुर में कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। डॉ. गोगी ने कहा कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था। हालांकि इस मामले में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य और उसके सहयोगियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद राज्य में सीबीआई जांच की मांग लगातार तेज होती जा रही है। हालिया वीआईपी खुलासों के बाद यह मांग और उग्र हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता पर जिस वीआईपी को विशेष सेवा देने का दबाव बनाया गया था उसका नाम सामने आना चाहिए। डॉ. गोगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने माता-पिता से मिलने और उनकी इच्छा के अनुसार कार्रवाई की बात कहे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत भट्ट, ब्लॉक अध्यक्ष तुषार सिंह, मंजू, गुड्डी, साहिल, सौरभ थापा और विजय रतूड़ी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।