अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस विधायकों व नेताओं के बनभूलपुरा अतिक्रमणकारियों के समर्थन को हल्द्वानी के भविष्य, विकास और कानून-व्यवस्था के साथ घोर अन्याय बताया है। प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने इस प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से ठीक पहले अतिक्रमणकारियों की पैरवी में विधायक सुमित हृदयेश की अतिसक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े किए। सुमित एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वरिष्ठ वकील सलमान खुर्शीद की मुलाकात पर वायरल हो रही तस्वीर के परिपेक्ष्य में कहा कि यह तस्वीर हल्द्वानी के विकास कार्यों का मजाक उड़ाती प्रतीत होती है। हल्द्वानी को 2200 करोड़ के पैकेज से संवारने का काम तेजी से चल रहा है। सड़कें, राजमार्ग और चौराहों का व्यापक विस्तार हो रहा है। दूसरी ओर हल्द्वानी विधायक शहर को हड़प्पा युग में ले जाने पर तुले हैं। कहा कि अब हल्द्वानी की जनता यह सवाल पूछ रही है कि देवभूमि उत्तराखंड में अतिक्रमणकारियों के प्रति इतना विशेष प्रेम क्यों है।