जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री से उनके कार्यालय में मुलाकात करके अधिकारियों के रवैये की शिकायत की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनमानस को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कहा कि अधिकारी इस हद तक लापरवाह हो चुके हैं कि वह जनता से जुड़ी समस्याओं पर भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। छोटे-छोटे कार्यों से संबंधित पत्रावलियां दफ्तरों में धूल फांक रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद यह उम्मीद है कि सरकार अधिकारियों पर नकेल कसकर उन्हें आम जनता के कार्यों के प्रति जिम्मेदार बनाने का काम करेगी।