एक युवक ने कर्नल की बेटी को नौकरी का झांसा दिया और उससे लाखों रुपये ऐंठ लिए। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने युवती को कुछ गलत बातें भी कहीं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। ठगी के साथ छेड़खानी की धाराएं भी लगाई गई हैं।
एसओ राजपुर जितेंद्र चौहान ने बताया, थाना क्षेत्र निवासी कर्नल ने शिकायत की है। उन्होंने राजपुर निवासी पियूष नाम के युवक पर आरोप लगाया है। आरोप है कि पियूष और उनकी बेटी काफी समय से एक-दूसरे को जानते थे। वह आए दिन उनकी बेटी को नौकरी का झांसा देकर उससे रुपये ऐंठता है। इससे परेशान होकर उनकी बेटी की मानसिक स्थिति खराब रहने लगी। इसका फायदा उठाकर उसने और भी रुपयों की मांग की। आरोप है कि जब उनकी बेटी ने पैसे वापस मांगे तो उसने फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दी और गालीगलौज की। एसओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।